विभिन्न पुरस्कारों के लिए आवेदन आमंत्रित
17 Oct
2008
राजस्थानी भाषा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी पुरस्कार
जयपुर, 17 अक्टूबर। राजस्थानी भाषा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी ने वित्तीय वर्ष 2008-2009 के विभिन्न पुरस्कार तथा प्रकाशन सहयोग योजनाओं हेतु आवेदन पत्र आमंत्रित किये हैं।
अकादमी के अध्यक्ष श्री सीताराम महर्षि ने बताया कि अकादमी ने विभिन्न पुरस्कारों के अन्तर्गत सूर्यमल्ल मीसण शिखर पुरस्कार इकत्तीस हजार रुपये, शिवचन्द्र भरतिया गद्य पुरस्कार (निबन्ध, एकांकी, नाटक, यात्रा संस्मरण, रेखाचित्र आदि), गणेशलाल व्यास ‘उस्ताद’ पद्य पुरस्कार, मुरलीधर व्यास ‘राजस्थानी’ कथा साहित्य पुरस्कार (कहाणी, उपन्यास) प्रत्येक पन्द्रह हजार रुपये, बावजी चतुरसिंह अनुवाद पुरस्कार सांवर दईया पैली पोथी पुरस्कार, बाल साहित्य पुरस्कार प्रत्येक साढे सात हजार रुपये के साथ भत्तमाल जोशी महाविद्यालय पुरस्कार हेतु तीन हजार छह सौ रुपये एवं मनुज देपावत विद्यालय स्तरीय पुरस्कार दो हजार छह सौ रुपये हेतु भी आवेदन आमंत्रित किये गये हैं।
उन्होंने बताया कि अकादमी का सर्वोच्च सूर्यमल्ल मीसण शिखर पुरस्कार इस वर्ष राजस्थानी की पद्य विद्या में दिया जायेगा। इस पुरस्कार हेतु राजस्थानी पद्य की पुस्तक एक जनवरी 2002 से 31 दिसम्बर 2007 के मध्य प्रकाशित होनी चाहिए। शेष पुरस्कारों के लिए पुस्तक 1 जनवरी 2005 से 31 दिसम्बर 2007 के मध्य प्रकाशित होनी चाहिए। वर्ष 2007-2008 के पुरस्कारों हेतु आवेदनकर्ता लेखकों को अपनी कृतियां इस वर्ष के पुरस्कारों में शामिल करने हेतु अपनी सहमति का आवेदन करना होगा।
कार्यवाहक सचिव पृथ्वीराज रतनू ने बताया कि इन पुरस्कारों के अतिरिक्त पांडुलिपि प्रकाशन सहयोग योजना, लेखकों के निजी व्यय से प्रकाशित पुस्तकों को आर्थिक सहयोग तथा राजस्थानी पत्र-पत्रिकाओं को सहयोग देने हेतु आवेदन आमंत्रित किये जाते हैं। पुरस्कार एवं सहयोग योजनाओं में आवेदन की अंतिम तिथि 10 नवम्बर, 2008 है। पुरस्कार नियम, आवेदन प्रारूप एवं अन्य जानकारी के लिए सचिव, राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, मुरलीधर व्यास नगर, करणीसर रोड, बीकानेर से सम्पर्क स्थापित किया जा सकता है।
|